Sheohar Rain News: शनिवार को शिवहर जिले में हुई झमाझम बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई. लंबे समय से सूखे जैसी स्थिति और पानी की कमी से परेशान किसान अब धान की रोपनी में जुट गए हैं. बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आने से कृषि कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है.
यह भी पढ़ें: जिले में बारिश के बाद नदियों और जलस्तर पर प्रशासन की नजर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
बारिश से दूर हुई किसानों की चिंता
पिछले कई दिनों से तेज धूप और बारिश नहीं होने के कारण किसान चिंतित थे. खेतों में नमी की कमी से धान के बिचड़े खराब होने की आशंका बढ़ गई थी. शनिवार की बारिश ने किसानों की चिंता काफी हद तक दूर कर दी.
कई गांवों में शुरू हुई धान की रोपनी
रसीदपुर, कोठियां, फतेहपुर, मकसूदपुर, लालगढ़, रोहुआ, फूलकाहां सहित जिले के कई गांवों के खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने के बाद किसान धान की रोपनी शुरू कर चुके हैं. खेतों में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई है.
किसानों ने जताई खुशी
स्थानीय किसान विनोद साह और जितेश सिंह ने बताया कि वे इस बारिश का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. उनका कहना है कि यदि अब भी बारिश नहीं होती तो धान के बिचड़े खराब हो जाते. अब खेतों में पर्याप्त नमी होने से समय पर रोपनी संभव हो सकेगी.
बेहतर फसल की जगी उम्मीद
बारिश के बाद किसानों में अच्छी फसल की उम्मीद बढ़ गई है. ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है और किसान तेजी से खरीफ सीजन की खेती में जुट गए हैं.
