Sheohar News: तरियानी थाना क्षेत्र के वृंदावन पंचायत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 27 वर्षीय युवक का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला है. घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोगों की भीड़ मृतक के घर पर जमा हो गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रात के वक्त हुई घटना, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की पुष्टि करते हुए तरियानी थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि यह दुखद घटना रात के तकरीबन 12 बजे की है. जैसे ही पुलिस को मामले की भनक लगी, बिना समय गंवाए पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले में थाना स्तर पर एक यूडी (अपमृत्यु) केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था युवक: ग्रामीण
इधर, इस घटना को लेकर गांव के लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मृतक मानसिक रूप से कुछ परेशान चल रहा था. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पूर्व में भी उसने कई बार आत्महत्या करने का गंभीर प्रयास किया था, लेकिन तब परिजनों और आसपास के लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई थी. हालांकि, इस बार वह अपने आत्मघाती कदम में सफल हो गया.
मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तरियानी पुलिस
मृतक की पहचान वृंदावन पंचायत निवासी गौरी सहनी के 22 वर्षीय पुत्र गणेश सहनी के रूप में की गई है. तरियानी थाना पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा. फिलहाल, पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है.
शिवहर के तरियानी से मधुरेन्द्र सिंह की रिपोर्ट
