Sheohar News: शिवहर जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन ने विशेष सहयोग शिविर आयोजित किया. डुमरी कटसरी प्रखंड की दो पंचायतों में लगे इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं. डीएम प्रतिभा रानी ने साफ कहा कि जनता की शिकायतों का तय समय में निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है.
दो पंचायतों में लगे विशेष शिविर
मकसुदपुर कररिया पंचायत में मुखिया बिगू सहनी की मौजूदगी में शिविर लगाया गया, जहां कुल 108 आवेदन प्राप्त हुए. वहीं महम्मदपुर कटसरी पंचायत भवन में आयोजित शिविर में करीब 350 ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़े 80 आवेदन जमा किए गए.
मौके पर ही कई मामलों का निष्पादन
शिविर के दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया. सबसे अधिक 25 मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे. इसके अलावा नल-जल के 12, बिजली के 11, राशन के 10 और पेंशन के 6 मामलों का निपटारा किया गया. थाना, शौचालय, ग्रामीण सड़क, ब्रेडा और चापाकल से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई हुई.
डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
डीएम प्रतिभा रानी ने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और तेजी दोनों जरूरी हैं. उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश दिया.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
शिविर में ओएसडी संदीप कुमार, बीडीओ अरुण कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. महिलाओं की भागीदारी भी काफी देखने को मिली.
