शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: खरीफ फसल सीजन से पहले किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए शिवहर में विशेष अभियान शुरू किया गया है. सोमवार को डीएम प्रतिभा रानी ने समाहरणालय परिसर से एलईडी स्क्रीन युक्त किसान जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह वाहन जिले के विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर किसानों को खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देगा.
27 जून तक पंचायतों में चलेगा अभियान
डीएम प्रतिभा रानी ने बताया कि शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 के तहत यह जागरूकता वाहन 15 जून से 27 जून तक जिले के विभिन्न पंचायतों और गांवों में भ्रमण करेगा. एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती, जैविक कृषि, मौसम अनुकूल कृषि पद्धतियों और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों से जोड़ना और कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए प्रेरित करना है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके.
बीज अनुदान और कृषि यंत्रों की सब्सिडी की भी जानकारी
डीएम ने जिले के किसान भाइयों और बहनों से अपील की कि जब यह वाहन उनके गांव या पंचायत में पहुंचे तो अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें. उन्होंने कहा कि किसानों को खरीफ सीजन में मिलने वाले लाभ, जैसे बीज अनुदान, आधुनिक कृषि यंत्रों पर सब्सिडी और अन्य सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
रोज तीन प्रमुख स्थानों पर होगा प्रदर्शन
जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा प्रीति कुमारी ने बताया कि अभियान के दौरान प्रतिदिन जिले के तीन अलग-अलग प्रमुख स्थलों और चौराहों पर कृषि विभाग की योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा. एलईडी स्क्रीन के जरिए किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और उन्हें आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा.
मौके पर मिलेगा समस्याओं का समाधान
अभियान के दौरान नुक्कड़ सभाओं और डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा. किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि इससे किसानों तक योजनाओं की जानकारी सीधे पहुंचेगी और वे समय पर सरकारी लाभ उठा सकेंगे. कार्यक्रम के दौरान उप परियोजना निदेशक आत्मा विकास कुमार आजाद, जिला विपणन पदाधिकारी सह विशेष कार्य पदाधिकारी सुमन प्रिया, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण शिखा आनंद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
