शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: संभावित बाढ़ को देखते हुए शिवहर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. मानसून से पहले हालात से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर साफ कहा कि बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति में लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
राहत शिविर और सामुदायिक रसोई की तैयारी पूरी
जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 48 राहत शिविर और 63 सामुदायिक रसोई स्थलों को चिन्हित किया गया है. जरूरत पड़ने पर यहां लोगों को रहने और भोजन की सुविधा दी जाएगी. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है.
तटबंधों पर बढ़ाई गई निगरानी
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बागमती नदी के दाएं तटबंध का निरीक्षण किया. कमजोर स्थानों की पहचान कर मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है. साथ ही बाढ़ की स्थिति में त्वरित बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ टीम की तैनाती की तैयारी भी शुरू कर दी गई है.
मेडिकल कैंप और पशु शिविर की व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग ने जरूरी दवाओं का भंडारण कर लिया है. जिला और प्रखंड स्तर पर मेडिकल कैंप लगाने के लिए जगह तय कर दी गई है. वहीं पशुओं की सुरक्षा को लेकर पशु शिविर और डॉक्टरों की टीम भी तैयार की गई है.
लाभार्थियों की सूची अपडेट करने का निर्देश
डीएम प्रतिभा रानी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर लाभार्थियों की सूची जल्द अपडेट करें, ताकि जरूरत पड़ने पर सहायता राशि सीधे लोगों तक पहुंचाई जा सके. उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की.
