शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर शिवहर जिला प्रशासन एक बार फिर गांवों की ओर रुख कर रहा है. लोगों को प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए मंगलवार को जिले की 13 पंचायतों में विशेष ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही समाधान का प्रयास करेंगे.
पांच प्रखंडों की 13 पंचायतों में होगा आयोजन
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सहयोग शिविर का आयोजन जिले के सभी पांच प्रखंडों की चयनित पंचायतों में किया जाएगा. डुमरी कटसरी प्रखंड के मकसूदपुर कररिया और महम्मदपुर कटसरी, पुरनहिया के बसंतपट्टी और अदौरी, जबकि शिवहर प्रखंड के मथुरापुर कहतरवा और मिर्जापुर धोबाही (पड़राही बाजार) में शिविर लगाए जाएंगे.
पंचायत भवन और स्कूलों में बैठेंगे अधिकारी
इसके अलावा तरियानी प्रखंड के वृंदावन, छतौनी, पोझिया और तरियानी छपरा तथा पिपराही प्रखंड के कमरौली, मेसौढ़ा और परसौनी बैज पंचायत में भी शिविर आयोजित होंगे. पंचायत भवनों और विद्यालय परिसरों में अधिकारी लोगों की शिकायतें सुनेंगे.
मौके पर समाधान की होगी कोशिश
प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित निपटारा किया जा सके. शिविर में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जिससे आवास, पेंशन, राशन कार्ड, भूमि, सामाजिक सुरक्षा और अन्य योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
लोगों से भागीदारी की अपील
जिला प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के लोगों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है, ताकि सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सके.
