Sheohar News: प्रखंड के चमनपुर बाजार स्थित पूर्व पासवान टोला में निर्माण कामगार फेडरेशन बिहार (एटक) की ओर से पंचायत मजदूर सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन की अध्यक्षता पंचायत सचिव जगनारायण पासवान ने की. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में एटक के जिला महासचिव कामरेड हैदर अली रंगरेज उपस्थित हुए.
शिकागो के शहीदों को किया याद, 8 घंटे काम के अधिकार पर चर्चा
मुख्य अतिथि कामरेड हैदर अली रंगरेज ने 1886 के शिकागो के शहीद मजदूरों को याद किया. उन्होंने कहा कि मई महीने को हम मजदूर दिवस के रूप में मनाते हैं. आज जो हमें 8 घंटे काम करने का अधिकार मिला है, वह उन्हीं शहीद मजदूरों की कुर्बानी का नतीजा है. हमें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा आंदोलन के लिए तैयार रहना चाहिए.
साइकिल राशि और समन्वय समिति के गठन में देरी पर नाराजगी
सम्मेलन में वक्ताओं ने प्रशासनिक उदासीनता पर गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में साइकिल के लिए जो फॉर्म भरवाया गया था, उसकी राशि आज तक मजदूरों को नहीं मिली. इसके अलावा, वर्ष 2023 में समन्वय समिति के गठन हेतु श्रम संसाधन विभाग को निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक इसका गठन नहीं हो सका है. इसके कारण बिचौलियों का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है और मजदूर-किसानों की समस्याएं प्रशासन तक नहीं पहुंच पा रही हैं.
नई कमेटी का गठन और 1 जून को धरने की अपील
मजदूरों की समस्याओं को लेकर 1 जून 2026 को दिन के 11:00 बजे से किसान मैदान में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. सम्मेलन में तमाम मजदूरों से इसमें भाग लेने की अपील की गई. इस अवसर पर सर्वसम्मति से नई पंचायत कमेटी का गठन किया गया, जिसमें कामरेड जगनारायण पासवान को पंचायत सचिव, मोहम्मद फिरोज को अध्यक्ष और योगेंद्र पासवान को कोषाध्यक्ष चुना गया.
शिवहर के पिपराही से मकसूद आलम की रिपोर्ट
