Sheohar News: प्रखंड क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रम विभाग के धावा दल ने एक बड़ी कार्रवाई की है. धावा दल ने पिपराही चौक-चौराहा स्थित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में सघन जांच अभियान चलाया. इस छापेमारी के दौरान एक दुकान से बाल श्रमिक को काम करते हुए पाया गया, जिसे टीम ने तत्काल विमुक्त करा लिया.
नियोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, बाल गृह भेजा गया बच्चा
जांच के बाद श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने बताया कि संबंधित बाल श्रमिक को काम पर रखने वाले नियोजक के विरुद्ध शिवहर थाने में बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं, विमुक्त कराए गए बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहां से उसे बाल गृह में आवासित कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा पीड़ित परिवार
प्रशासन द्वारा बच्चे और उसके परिवार के आर्थिक व सामाजिक पुनर्वास के लिए विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की जा रही है. इस संयुक्त छापेमारी अभियान में शिवहर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुरेश कुमार, तरियानी के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अभय कुमार, बिहार ग्राम विकास परिषद संगठन के जिला समन्वयक अनिल कुमार, प्रखंड समन्वयक कोमल कुमारी और पिपराही थाने की पुलिस बल मुख्य रूप से शामिल थी.
शिवहर के पिपराहि से मकसूद आलम की रिपोर्ट
