17 से शुभारंभ होगा सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान, तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार, 17 सितंबर से पूरे बिहार में 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' का शुभारंभ होगा. इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी परिसंपत्तियों का सुदृढ़ीकरण और नई सुविधाओं का निर्माण करना है. डीएम प्रतिभा रानी ने अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की.

Sheohar News: शिवहर. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर 17 सितंबर से पूरे बिहार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा. ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से मौजूद सरकारी आधारभूत संरचनाओं और परिसंपत्तियों को सुदृढ़ करने के साथ नयी परिसंपत्तियों के निर्माण के उद्देश्य से चलाये जाने वाले अभियान को लेकर डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा की गयी. डीएम ने अभियान को उच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

सरकारी परिसंपत्तियों की मरम्मती और सुविधाओं पर जोर

अभियान का पहला उद्देश्य पहले से मौजूद सरकारी परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और मरम्मती करना है. इसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी भवनों के रंग-रोगन, विद्युत व्यवस्था, भवन रखरखाव, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को क्रियाशील किया जाएगा. ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा.

आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के नये निर्माण पर जोर

अभियान का दूसरा प्रमुख उद्देश्य नयी आधारभूत संरचनाओं और परिसंपत्तियों का निर्माण करना है. इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को चिन्हित किया जाएगा. नये निर्माण के लिए भूमि का चयन पहले से निर्धारित और उपलब्ध होना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

हर ग्राम पंचायत में कम से कम 10 योजनाओं का होगा चयन

डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर न्यूनतम 10 योजनाओं का चयन किया जाए. चयनित योजनाओं का अनुमोदन 17 सितंबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभा की विशेष बैठक में कराया जाएगा. विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र जैसी विभागीय परिसंपत्तियों में होने वाले कार्य संबंधित विभाग अपनी निधि से कराएंगे.

अलग-अलग मदों से कराया जाएगा योजनाओं का काम

शिक्षा विभाग विद्यालयों की मरम्मती, रंग-रोगन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य कंपोजिट स्कूल ग्रांट से कराएगा. इसके अलावा 16वें वित्त आयोग की अनुदान राशि, राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा के तहत उपलब्ध राशि, बीवी जी राम जी योजना के तहत उपलब्ध राशि और नगर निकाय के आंतरिक संसाधनों से भी कार्य कराये जाएंगे.

डीडीसी होंगे नोडल पदाधिकारी, बनी अनुश्रवण समिति

जिला स्तर पर डीडीसी को अभियान का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि प्रखंड स्तर पर बीडीओ नोडल पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे. डीडीसी सभी बीडीओ, डीपीआरओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का चयन सुनिश्चित करेंगे.

अभियान की निगरानी के लिए डीएम की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति का गठन किया गया है. इसमें डीडीसी संयोजक सह नोडल पदाधिकारी होंगे. समिति में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, डीआरडीए निदेशक, पीएसईडी के कार्यपालक अभियंता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी और नगर परिषद शिवहर के कार्यपालक पदाधिकारी शामिल हैं.

30 नवंबर तक मरम्मती, 31 मार्च तक पूरा होगा नया निर्माण

डीएम ने निर्देश दिया कि रंग-रोगन और मरम्मती के लिए चयनित सरकारी परिसंपत्तियों का कार्य 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाए. वहीं नये निर्माण से संबंधित सभी कार्य 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >