Sheohar News: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष संजय अग्रवाल के आदेशानुसार सोमवार को एडीआर भवन में जिले के सभी विकास मित्रों के लिए एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई. स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अंजनी कुमार श्रीवास्तव एवं डीएलएसए सचिव ललन कुमार रजक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य समाज के वंचित, महादलित और पिछड़े वर्गों तक स्थायी लोक अदालत के लाभ पहुंचाना तथा जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का जमीनी स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना रहा.
विकास मित्रों को स्थायी लोक अदालत की भूमिका समझाई गई
कार्यशाला में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने विकास मित्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि विकास मित्र सरकार और महादलित समुदाय के बीच मजबूत कड़ी के रूप में काम करते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कानूनी सहायता एवं समाधान के रास्ते की जानकारी दे सकते हैं.
बिजली बिल और बैंक लोन विवादों का मिलेगा समाधान
अध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, पानी, बैंकिंग, बीमा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई समस्याएं सामने आती हैं. बिजली बिल में विवाद, बैंक लोन से जुड़ी परेशानी या बीमा राशि नहीं मिलने जैसी शिकायतों के लिए लोगों को बार-बार कोर्ट-कचहरी जाने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने विकास मित्रों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्थायी लोक अदालत के माध्यम से ऐसे मामलों के समाधान की जानकारी दें.
बिना अदालती शुल्क के कर सकते हैं आवेदन
कार्यशाला में बताया गया कि स्थायी लोक अदालत में जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों के समाधान के लिए आवेदन किया जा सकता है. इसके लिए किसी प्रकार का अदालती शुल्क नहीं लगता है.
मामलों का निपटारा आपसी सुलह और समझौते के आधार पर अपेक्षाकृत तेजी से किए जाने की व्यवस्था है. इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को राहत मिल सकती है.
पीड़ित लोगों को चिन्हित कर आवेदन में मदद करेंगे विकास मित्र
विकास मित्रों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे पीड़ित लोगों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई, जिनकी समस्याएं स्थायी लोक अदालत के माध्यम से हल हो सकती हैं. उन्हें संबंधित लोगों के आवेदन तैयार कराने और स्थायी लोक अदालत में दर्ज कराने में सहयोग करने के लिए कहा गया.
विकास मित्रों ने साझा की ग्रामीणों की समस्याएं
कार्यशाला के दौरान विभिन्न प्रखंडों से आए विकास मित्रों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा. इन समस्याओं के समाधान को लेकर स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष की ओर से आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया.
अधिकारी और विकास मित्र रहे मौजूद
कार्यशाला में स्थायी लोक अदालत के सदस्य दिलीप कुमार सिंह सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए विकास मित्र मौजूद रहे. कार्यशाला के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और लोगों को जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के सरल समाधान से जोड़ने पर जोर दिया गया.
