पिपराही में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, पिता का आरोप- बाइक और 1 लाख दहेज के लिए मार डाला

शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता हिना खातून का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला. मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में बाइक और एक लाख रुपये की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है.

Sheohar Crime News: थाना क्षेत्र के बसहिया शेख पंचायत के वार्ड नंबर सात निवासी यार मोहम्मद की 20 वर्षीय पत्नी हिना खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मंगलवार की सुबह विवाहिता का शव उसके घर में फंदे से लटकता मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, शिवहर भेज दिया. मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में बाइक और एक लाख रुपये नकद की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है.

कमरे में बिलख रही थी मासूम बच्ची, खिड़की तोड़कर घुसे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पड़ोसियों को यार मोहम्मद के घर के अंदर से एक छोटी बच्ची के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी.

संदेह होने पर जब आसपास के लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो हिना का शव कमरे में फंदे से लटक रहा था. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए खिड़की को तोड़ा और कमरे में प्रवेश कर रोती हुई मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.

शादी के बाद से ही बाइक और एक लाख रुपये की हो रही थी मांग

मृतका के पिता हकीमुल्लाह (निवासी ग्राम डुमरी, थाना श्यामपुर भटहां, शिवहर) ने आरोप लगाया है कि उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व अपनी पुत्री हिना का निकाह यार मोहम्मद के साथ किया था.

पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद की मांग को लेकर हिना को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह: थाना प्रभारी

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए.

थाना प्रभारी उमाकांत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज प्रताड़ना और हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. मृतका के मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है.

यह भी पढ़ें: मीटर को किया बाईपास, बिजली चोरी करते पकड़े गए चार लोग; विभाग ने दर्ज कराया केस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md.maksud alam

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >