Sheohar News: जिले के बिसाही गांव स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को हिंदी एवं स्वच्छता पखवाड़े का उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य विजय कुमार ने किया. इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को हिंदी के महत्व के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया.
हिंदी जन-मन की भाषा, सभी को जोड़ती है : प्राचार्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य विजय कुमार ने कहा कि हिंदी जन-मन की भाषा है और यह लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करती है. उन्होंने कहा कि विभाजन पैदा करने वाली भाषा भारत में कभी सफल नहीं हो सकती. हिंदी के माध्यम से सामाजिक जुड़ाव और आपसी संवाद को मजबूती मिलती है.
विदेशों में भी बढ़ रहा हिंदी का प्रभाव
प्राचार्य ने हिंदी के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब विदेशों में भी हिंदी का प्रभाव बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि देश के राजनेता विदेश यात्राओं के दौरान गर्व के साथ हिंदी में नमस्कार और अभिवादन करते हैं. इससे हिंदी के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते प्रभाव का पता चलता है.
संस्कृत को बताया हिंदी की जननी
प्राचार्य विजय कुमार ने कहा कि संस्कृत हमारी वैज्ञानिक भाषा है और हिंदी की जननी मानी जाती है. उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के साथ भारतीय भाषाओं और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का आह्वान किया.
राजभाषा के आधिकारिक महत्व पर दी जानकारी
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के राजभाषा अधिकारी ब्रजेश भारती ने किया. उन्होंने राजभाषा हिंदी के आधिकारिक महत्व और दैनिक जीवन में हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने विद्यार्थियों को सरल और व्यवहारिक रूप से हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया.
हिंदी और स्वच्छता पर बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने हिंदी भाषा और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर रोचक एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया.
शिक्षकों की मौजूदगी से बढ़ी कार्यक्रम की शोभा
कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डी.एन. सिंह, अखिलेश कुमार, सन्नी देवल कन्नौजिया, शर्मिष्ठा मंडल, धरनी महतो, प्रियंका पांडे और रविश पांडे समेत कई शिक्षक एवं विद्यालय कर्मी मौजूद रहे. सभी ने हिंदी के प्रचार-प्रसार और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल की सराहना की.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी को सीएम सम्राट की बड़ी सौगात, चीनी मिल से मरीन ड्राइव तक कई बड़े ऐलान
