Sheohar News: शिवहर. समाहरणालय के संवाद कक्ष में सोमवार को सामान्य शाखा विभाग की ओर से हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मियों ने हिंदी भाषा के महत्व, प्रशासनिक कार्यों में इसके प्रयोग और हिंदी के संवर्धन पर चर्चा की. इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और कविता पाठ का भी आयोजन किया गया.
डीएम ने कहा- जन-जन को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है हिंदी
कार्यक्रम में डीएम प्रतिभा रानी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा होने के साथ जन-जन को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है. प्रशासनिक कामकाज में सरल, स्पष्ट और सुगम हिंदी का प्रयोग आवश्यक है, ताकि सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक आसानी से पहुंच सके.
कार्यालयी पत्राचार में आम बोलचाल की हिंदी पर जोर
डीएम ने कहा कि कार्यालयी पत्राचार और दैनिक प्रशासनिक कार्यों में आम बोलचाल की सरल हिंदी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. इससे सरकारी कार्यों को आम लोगों के लिए अधिक सहज और समझने योग्य बनाया जा सकता है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया.
हिंदी साहित्य और व्याकरण पर हुई क्विज प्रतियोगिता
हिंदी भाषा के महत्व और संवर्धन को लेकर कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हिंदी साहित्य, व्याकरण और सामान्य ज्ञान से संबंधित क्विज प्रतियोगिता हुई. इसमें अधिकारियों और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कविता पाठ से राष्ट्रप्रेम और हिंदी का संदेश
कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा (एडीएसएस) सहित अन्य कर्मियों की ओर से हिंदी की महत्ता और राष्ट्रप्रेम पर आधारित ओजस्वी कविता पाठ प्रस्तुत किया गया. कविता पाठ को उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने खूब सराहा. प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी सामने रखा गया.
अधिकारियों ने राजभाषा हिंदी के गौरव पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम में डीडीसी संजय कुमार एवं एसडीसी ने सरकारी कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया. उन्होंने हिंदी के गौरवशाली इतिहास और प्रशासनिक कार्यों में इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को हिंदी में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया.
मौके पर जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
