शिवहर में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, डीएम ने बैंकों को तीन दिन में लोन स्वीकृत करने का निर्देश दिया

शिवहर की डीएम प्रतिभा रानी ने पीएम सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई है. जिले में मात्र 37 इंस्टॉलेशन हुए हैं, जबकि 750 आवेदन लंबित हैं. डीएम ने बैंकों को तीन दिन में ऋण स्वीकृत करने का कड़ा निर्देश दिया है.

Sheohar News: समाहरणालय के संवाद कक्ष में सोमवार को डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति को लेकर सभी पंचायत नोडल, एलडीएम और बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक हुई. बैठक में योजना की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन और बैंक ऋण स्वीकृति में तेजी लाने का निर्देश दिया.

PM Surya Ghar Yojana: केवल 37 इंस्टॉलेशन, 750 आवेदन लंबित

समीक्षा के दौरान डीएम ने बताया कि जिले में अब तक केवल 37 इंस्टॉलेशन पूरे हुए हैं, जबकि करीब 750 आवेदन लंबित हैं. उन्होंने इसे गंभीर स्थिति बताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.

बैंकों को तीन दिन में लोन स्वीकृत करने का निर्देश

डीएम ने बैंकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए एलडीएम को निर्देश दिया कि कोई भी बैंक बिना उचित कारण के ऋण स्वीकृति लंबित नहीं रखे. उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सिबिल स्कोर के आधार पर आवेदन अस्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि आवेदक की कोई डिफॉल्ट हिस्ट्री नहीं है तो नियमानुसार ऋण स्वीकृत किया जाए.

उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा 23 तथा एसबीआई द्वारा 29 आवेदन निरस्त किए जाने पर चिंता जताई. वहीं पीएनबी की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी बैंकों को तीन दिनों के भीतर फील्ड वेरिफिकेशन पूरा कर ऋण वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

आवेदकों के लिए जारी की गई नई गाइडलाइन

बैठक में डीएम ने आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कई निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ऋण के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज मांगने की आवश्यकता नहीं होगी. यदि आवेदक किराये के मकान में रहता है तो केवल मकान मालिक का एनओसी पर्याप्त होगा.

उन्होंने बताया कि तीन किलोवाट क्षमता की परियोजना, जिसकी लागत 2.10 लाख रुपये है, उसमें भारत सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार 10 प्रतिशत यानी 21 हजार रुपये मार्जिन मनी आवेदक के खाते में होना आवश्यक है. आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा संबंधित बैंक शाखा में खाता होना अनिवार्य होगा.

वेंडरों को लेकर भी दिए निर्देश

डीएम ने पंचायत नोडल अधिकारियों को वेंडर चयन की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया. इंस्टॉलेशन के लिए ज्ञानू एंटरप्राइजेज, शिवानी ब्रॉडबैंड और यूनिटी सोलर सहित सूचीबद्ध वेंडरों के माध्यम से कार्य कराने को कहा गया. किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे जिला प्रशासन को सूचना देने का निर्देश दिया गया.

शिक्षा विभाग को प्रचार-प्रसार का जिम्मा

डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच पीएम सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें.

यह भी पढ़ें: रुन्नीसैदपुर में टीबी मरीजों को फूड पैकेट वितरण, डॉक्टरों ने नियमित दवा लेने की दी सलाह


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >