Sheohar News: शिवहर समाहरणालय के संवाद कक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में नीलाम पत्र वाद (सर्टिफिकेट केस), लंबित बॉडी वारंट, राजस्व वसूली और सरकारी कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई. डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए.
लंबित वारंट और नीलाम पत्र वादों की होगी नियमित मॉनिटरिंग
डीएम प्रतिभा रानी ने राजस्व विभाग, एडमिन बोर्ड, सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) और डीसीएलआर को अपने-अपने स्तर पर नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से नीलाम पत्र वादों की लगातार मॉनिटरिंग कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
वारंट निष्पादन और राजस्व वसूली पर सख्ती
बैठक में सभी थानों में लंबित बॉडी वारंट की भी समीक्षा की गई. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में बिना तामिला के कोई वारंट वापस नहीं होना चाहिए. इसके साथ ही राजस्व वसूली के लिए प्रत्येक माह निर्धारित लक्ष्य पूरा करने और सरकारी बकाया की वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
नोटिस तामिला की प्रक्रिया होगी प्रभावी
डीएम ने जिन क्षेत्रों में नोटिस तामिला कराने में कठिनाई आ रही है, वहां थानावार प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही एसडीएम के अलावा बीडीओ को भी समीक्षा का अधिकार देकर प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.
बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान की भी हुई समीक्षा
इसके बाद समाहरणालय के कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी ने डिस्ट्रिक्ट बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान की समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले में व्यापार, उद्योग, स्वरोजगार और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा की गई. डीएम ने सभी विभागों को उद्यमियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने, लंबित मामलों का पारदर्शी तरीके से निष्पादन करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए. बैठक में एसपी शैलेन्द्र सिंह, डीडीसी संजय कुमार, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. आरके सिंह, डीटीओ अनुराग कुमार रवि सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
