Sheohar News: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से 6 से 15 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रव्यापी पदयात्रा की शुरुआत तरियानी छपरा स्थित शहीद स्थल से की गयी. पदयात्रा शुरू करने से पहले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद विभिन्न गांवों में पदयात्रा निकाली गयी.
पदयात्रा का नेतृत्व भाकपा के जिला सचिव रामनरेश कुमार ने किया. इसमें कामरेड जगनारायण साह, शत्रुघ्न सहनी, सच्चिदानंद सिंह, अभिराम सिंह, शंकर राय, सत्यनारायण ठाकुर, राजदेव सहनी, श्री बैठा, मोहम्मद इरशाद और अजय कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए.
महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र पर निशाना
भाकपा जिला सचिव रामनरेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और महंगाई से आम जनता परेशान है. उन्होंने बेरोजगारी और शिक्षा नीति को लेकर भी चिंता जतायी. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण छात्र और युवा समस्याओं का सामना कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि खेती-किसानी संकट में है और श्रमिकों के हक व अधिकार प्रभावित हो रहे हैं. लोकतांत्रिक संस्थाओं और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है.
15 अगस्त तक चलेगी पदयात्रा
रामनरेश कुमार ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी ने 6 से 15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी पदयात्रा का कार्यक्रम आयोजित किया है. इसके माध्यम से कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करेंगे और विभिन्न जनसमस्याओं को उठायेंगे.
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसान और मजदूरों की समस्याओं के साथ लोकतंत्र तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को भी पदयात्रा के दौरान लोगों के बीच रखा जाएगा.
