Sheohar News: पिपराही प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को प्रखंड स्तरीय विभिन्न बैंकों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजनी कुमार ने की. बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, वित्तीय समावेशन, ग्राहक सेवा और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. अधिकारियों को केंद्र सरकार की स्वच्छ ऊर्जा नीति के तहत संचालित प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया गया.
पीएम सूर्यघर योजना के आवेदनों का तुरंत करें निष्पादन
बैठक में सभी बैंकों के पदाधिकारियों से अनुरोध किया गया कि भारत सरकार की स्वच्छ ऊर्जा नीति के तहत सोलर मुफ्त बिजली योजना को पूर्ण समर्थन प्रदान करें. योजना के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का तुरंत निष्पादन करने को कहा गया.
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों को अपने उच्चाधिकारी एवं जिला अग्रणी कार्यालय को सूचित किये बिना वापस नहीं किया जाए. साथ ही योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को अक्टूबर माह तक पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बीसी का हर महीने करें निरीक्षण
वित्तीय समावेशन को लेकर बैठक में सभी बैंकों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यरत बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट यानी BC का मासिक निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने की सलाह दी गयी.
इसके अलावा CFL, FLC और RSETI की ओर से वित्तीय साक्षरता को लेकर चलाये जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का अपने शाखा क्षेत्र में ग्राहकों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया.
ग्राहक शिकायतों का तुरंत करें निपटारा
बैठक में ग्राहक शिकायतों और सुझावों के निपटारे पर भी विशेष जोर दिया गया. सभी बैंकों को ग्राहकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की सलाह दी गयी.
ग्राहक सेवा में सुधार के लिए प्रत्येक बैंक को अपने ग्राहकों के साथ मासिक बैठक आयोजित करने को भी कहा गया, ताकि उनकी समस्याओं, सुझावों और शिकायतों की जानकारी समय पर मिल सके.
साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूकता पर जोर
बैठक में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्राहकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया. बैंकों को अपने ग्राहकों के बीच साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपायों का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया.
ग्राहकों को विशेष रूप से किसी भी परिस्थिति में अपना PIN और OTP किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक करने की सलाह दी गयी.
बैठक के अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजनी कुमार ने उपस्थित सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया. इसके साथ ही बैठक समाप्त हो गयी.
यह भी पढ़ें
Sheohar News: सरसौला खुर्द में विशेष सहयोग शिविर, 140 आवेदनों में 127 का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन
