बेला : प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे शराबबंदी अभियान के बावजूद भी अवैध रूप से शराब खरीद-बिक्री का धंधा चल रहा है. शराब कारोबारी प्रशासन की आंखों में धूल झोककर पड़ोसी देश नेपाल से शराब का खेप भारतीय सीमा में पहुंचा रहे हैं. हालांकि स्थानीय पुलिस व एसएसबी द्वारा लगातार ऐसे नशेड़ियों व तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है, पर वे अपने आदत से बाज नहीं आ रहे हैं. इसी क्रम में बुधवार की देर शाम स्थानीय पुलिस ने भीमनगर गांव के समीप से एक सूमो पर लदे 400 पीस नेपाली सौंफी शराब जब्त करने के साथ ही कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया.
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सूमो नंबर बीआर 30 सी-1990 पर लदे 400 पीस बरामद किया गया. वहीं, चालक व कारोबारी वाहन छोड़ कर फरार होने में सफल रहा. भाग रहे कारोबारी व चालक के खदेड़ने के क्रम में दारोगा अमरेंद्र कुमार ने शक के आधार पर मच्छपकौनी निवासी रमेश साह के पुत्र रजा को हिरासत में ले लिया. हालांकि पूछताछ के बाद उसे जल्द ही थाना से छोड़ दिया गया.
पिता ने शराबी पुत्र को भेजवाया जेल : परिहार. थाना क्षेत्र के सहरगामा गांव में नेपाल से शराब पी कर व घर में आ कर हंगामा करने से आजित एक पिता व शैलेंद्र सिंह के आवेदन पर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसके आरोपित पुत्र सुजीत सिंह को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने की है.
शराब के नशे में पांच गिरफ्तार
बेला. थाना क्षेत्र के मनपौर उसरैना पथ के पोखड़ा के समीप नेपाल की ओर से आ रहे मनपौर निवासी रामाशीष मुखिया, मनोज कुमार, रामविनेश कुमार, पंचलाल कुमार व नरेश मुखिया को नशे की हालत में हंगामा करते गिरफ्तार कर लिया. इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने की है.
