रोहतास में सोन नदी किनारे गिरी आकाशीय बिजली, मवेशी चरा रहे 21 वर्षीय युवक की मौके पर हुई मौत

सोन नदी के तट पर मवेशी चरा रहे 21 वर्षीय छोटन कुमार की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आपदा सहायता राशि देने का आश्वासन दिया है.

नासरीगंज (रोहतास): कछवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी तट पर मवेशी चराने गए 21 वर्षीय युवक की आकाशीय बिजली (ठनका) की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान मंगराव पंचायत के नोआव शंकर टोला गांव निवासी सजन रजवार के पुत्र छोटन कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया.

मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, छोटन कुमार प्रतिदिन की भांति सोन नदी के तटवर्ती इलाके में मवेशी चराने गया हुआ था. मवेशी चराकर घर वापस लौटने के क्रम में अचानक तेज हवा और गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान कानफोड़ू आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी सीधी चपेट में आने से छोटन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. वज्रपात की आवाज इतनी तीव्र थी कि आसपास के खेतों और रास्तों पर मौजूद लोग पूरी तरह सहम गए.

शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेजा गया

घटना की सूचना प्राप्त होते ही कछवा थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. कछवा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है.

आपदा प्रबंधन के तहत मिलेगा मुआवजा

वहीं, स्थानीय मुखिया वकील यादव ने पीड़ित परिवार की अत्यंत कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से अविलंब आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. मामले की पुष्टि करते हुए अंचलाधिकारी (सीओ) अंचला कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और राजस्व कर्मचारी की विधिवत जांच रिपोर्ट मिलते ही सरकारी प्रावधानों के अनुरूप आपदा राहत कोष से अनुग्रह राशि मृतक के निकटतम आश्रित को प्रदान की जाएगी.

Also Read: CM सम्राट से मिले काराकाट सांसद, डेहरी को जिला बनाने की मांग, जलाशय निर्माण का भी उठाया मुद्दा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार मिश्रा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >