Sasaram SDRF News : रोहतास जिले के सोन डीला इलाके में सोमवार को तेज धारा में बह गए युवक योगेंद्र पासवान उर्फ योगी पासवान का शव करीब 34 घंटे बाद कसीगावां सोन घाट पर बरामद हुआ. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. परिजन जहां गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीणों में भी नाराजगी साफ देखने को मिली. शव मिलने से पहले तक परिवार और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी. 34 घंटे की तलाशी के बाद उनका शव मिला.
देर शाम सोन डीला से वापस लौट समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, योगेंद्र पासवान सोमवार की देर शाम सोन डीला से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बढ़ते पानी और तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते वह पानी में बह गए और फिर उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया.
Sasaram News : अकबरपुर निवासी योगेंद्र पासवान सोन डीला में खेती करते थे
जानकारी के अनुसार, रोहतास नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 अकबरपुर निवासी सुदर्शन पासवान के 45 वर्षीय पुत्र थे. वह सोन डीला में खेती करते थे. रोज की तरह सोमवार को भी वह इलाके में खेती के काम से गए थे. यह इलाका उनके लिए नया नहीं था, लेकिन अचानक पानी का स्तर बढ़ गया. तेज बहाव इतना खतरनाक था कि संभलने का मौका भी नहीं मिला और वह धारा में बह गए.
तेज धारा में बहने के बाद मचा हड़कंप
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. परिजन रातभर सोन डीला के आसपास उन्हें ढूंढते रहे. हर तरफ सिर्फ एक ही कोशिश थी कि किसी तरह योगी पासवान का पता चल जाए, लेकिन लगातार प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिली.
स्थानीय ग्रामीणों ने भी खोजबीन में पूरा सहयोग किया, लेकिन तेज धारा और बढ़ते पानी के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी रही. बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, जिसने खोज अभियान शुरू किया.
खेती करने गए थे, अचानक बढ़ गया पानी
ग्रामीणों के अनुसार, उस समय पानी का बहाव काफी तेज था और आसपास कोई पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं थी, जिससे हादसा टाला जा सके.
शव मिलने के बाद फूटा गुस्सा, सड़क जाम
लगातार खोज के बाद करीब 34 घंटे बाद उनका शव कसीगावां सोन घाट पर मिला. शव मिलने के बाद जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी फूट पड़ी.
लोगों का आरोप था कि एसडीआरएफ टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे खोज में देरी हुई. इसी नाराजगी को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने मंगलवार की शाम डेहरी-अकबरपुर मुख्य सड़क को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया. सड़क जाम के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई.
