Jeevika Women Health Training : रोहतास जिले में अब जीविका से जुड़ी महिलाएं गांव-गांव जाकर महिला स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता का संदेश पहुंचाएंगी. जिला परियोजना समन्वयन इकाई जीविका की ओर से आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन अभियान चलाएंगे.
Rohtas News : दो दिवसीय प्रशिक्षण हुआ संपन्न
सासाराम के होटल स्काई पैलेस में 13 और 14 जुलाई को आयोजित प्रशिक्षण में सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) ऐंकर पर्सन और प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य-पोषण नोडल ने भाग लिया. प्रशिक्षण के दौरान महिला स्वास्थ्य एवं खुशहाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई.
टीबी, एनीमिया और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर
प्रतिभागियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम, टीबी उन्मूलन, संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों की पहचान, स्वच्छता, पोषण और दैनिक स्वास्थ्य व्यवहार के बारे में प्रशिक्षित किया गया. साथ ही संवाद आधारित गतिविधियों के माध्यम से समुदाय में प्रभावी जागरूकता फैलाने की रणनीतियां भी बताई गईं.
गांव-गांव पहुंचेगा स्वास्थ्य का संदेश
प्रबंधक स्वास्थ्य एवं पोषण अजीत कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद जीविका दीदियां विशेष रूप से टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समुदाय को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएंगी. उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की मजबूत आधारशिला है.
पोषण और किचन गार्डन को मिलेगा बढ़ावा
जिला परियोजना प्रबंधक सुधीर बहादुर ने कहा कि जीविका दीदियां स्वरोजगार के साथ-साथ जैविक खेती और किचन गार्डन के माध्यम से भी परिवारों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं. प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य एवं खुशहाली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ महिलाओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
