Sasaram News : बसपा का उद्देश्य सदैव बहुजन समाज के उत्थान व उनके अधिकारों की रक्षा करना है : आकाश आनंद

सासाराम-चौसा पथ पर जलालपुर गेट के समीप मुखिया जी के पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को बसपा प्रायोजित सर्वजन हिताय जागरूक सभा का आयोजन किया गया.

करगहर. सासाराम-चौसा पथ पर जलालपुर गेट के समीप मुखिया जी के पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को बसपा प्रायोजित सर्वजन हिताय जागरूक सभा का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन बसपा के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने दीप जला कर किया. इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि यह यात्रा एक राजनैतिक यात्रा नहीं, बल्कि समाज के दबे-कुचले, दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग और वंचित तबकों को जागरूक करने का एक आंदोलन है. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी का उद्देश्य सदैव बहुजन समाज के उत्थान और उनके अधिकारों की रक्षा करना रहा है. उन्होंने कहा कि देश के महान समाज सुधारकों जैसे महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज, बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर और कांशीराम जैसे महापुरुषों ने अपने जीवन को समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और उन्हें उनके पैरों पर खड़ा करने के लिए समर्पित किया. इसी परंपरा को आज बहन मायावती ने आगे बढ़ाया है और बहुजन समाज पार्टी उसी मार्ग पर चल रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इस चुनाव में जनता को विशेष सावधानी बरतनी होगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बीजेपी और उनकी सहयोगी पार्टियां हमेशा से जातिवादी मानसिकता से ग्रसित रही हैं और उनके शासन में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न हुआ है. इन दलों ने कभी भी समाज के कमजोर तबकों के वास्तविक विकास की दिशा में ईमानदारी से काम नहीं किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मायावती की सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था का बेहतर उदाहरण देखने को मिला, जहां हर वर्ग को सम्मान मिला और किसी भी धर्म या समुदाय के बीच दंगे नहीं हुए. सभा में मौजूद जनता से आकाश आनंद ने अपील की कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को भारी बहुमत से जिताकर सत्ता में लाएं. उन्होंने कहा कि यह यात्रा महज शक्ति प्रदर्शन नहीं है, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं को उठाने और अधिकार दिलाने का प्रयास है. बिहार में बीते 40 सालों में भाजपा और महागठबंधन ने सिर्फ बिहार की जनता को ठगा है. न पलायन रुका, न बेरोजगारी की समस्या हल हुई. राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने कहा बिहार में वर्षों से चली आ रही बेरोजगारी, पलायन और सामाजिक असमानता की समस्याओं का समाधान केवल बसपा की नीतियों और बहन मायावती के नेतृत्व में ही संभव है. कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन उदय प्रताप सिंह ने किया. कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने आकाश आनंद व राजसभा सांसद इ रामजी गौतम का जोरदार स्वागत किया. उदय प्रताप सिंह ने आकाश आनंद को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया. मौके पर केंद्रीय प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार, उमाशंकर गौतम, लालजी मेघांकर, एडवोकेट सुरेश राव, प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो, सुनेश कुमार, साजिद हुसैन, अभिमन्यु कुशवाहा, मंगल कुशवाहा, दीपनरायण गौतम, अक्षयवर सिंह उर्फ मुखिया जी, कामता प्रसाद, उपेंद्र कुमार सहित हजारों लोग मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >