रोहतास में KCC ऋण नहीं चुकाने पर नौ लोगों के खिलाफ वारंट, एक गिरफ्तार होकर भेजा गया जेल

पंजाब नेशनल बैंक से केसीसी लोन लेने वाले 9 लोगों के खिलाफ कोर्ट ने वारंट जारी किया है। लोन न चुकाने पर अब गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

Rohtas News : नासरीगंज प्रखंड के इटिम्हां गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक से केसीसी ऋण लेने के बाद राशि जमा नहीं करने वाले नौ ऋणियों के खिलाफ बिक्रमगंज व्यवहार न्यायालय से वारंट जारी किया गया है. इनमें पड़ुरी गांव निवासी केदार चौधरी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. बैंक और पुलिस की कार्रवाई के बाद अन्य ऋणियों में भी हड़कंप मचा हुआ है.

2010 से 2013 के बीच लिया था केसीसी ऋण

पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक सत्यम कुमार ने बताया कि सभी नौ लोगों ने वर्ष 2010 से 2013 के बीच करीब तीन लाख रुपये का केसीसी ऋण लिया था. निर्धारित समय पर ऋण की राशि नहीं चुकाने के कारण ब्याज और अन्य देनदारियों के चलते बकाया राशि बढ़कर करीब 10 से 15 लाख रुपये तक पहुंच गयी है. सभी संबंधित खातों को एनपीए घोषित किया जा चुका है.

इन आठ ऋणियों के खिलाफ जारी है वारंट

वारंट जारी किये गये अन्य ऋणियों में जमालपुर निवासी सुनील कुमार सिंह, मेदनीपुर निवासी अविनाश कुमार सिंह, हल्दीबिगहा निवासी मुखन सिंह, गमरियां निवासी रामाकांत राय, अतिमी निवासी सुरेंद्र सिंह, सुकहरा डेहरी निवासी ऐनुल हक, बलिया कोठी निवासी संजय सिंह और बाराडीह निवासी मनजी राम शामिल हैं.

एक ऋणी गिरफ्तार होकर जा चुका है जेल

बैंक की ओर से की गयी कार्रवाई के बाद पुलिस ने पड़ुरी गांव निवासी केदार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अन्य वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.

लोक अदालत से पहले ऋण चुकाने की अपील

शाखा प्रबंधक सत्यम कुमार ने सभी संबंधित ऋणियों से आगामी 9 सितंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत से पहले बकाया ऋण राशि जमा करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि समय पर राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी.

जल्द गिरफ्तार होंगे अन्य वारंटी : थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि समय पर केसीसी ऋण नहीं चुकाने के कारण बैंक की ओर से संबंधित ऋणियों के खिलाफ वारंट थाने में जमा कराया गया है. वारंट के आधार पर अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए जल्द कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार मिश्रा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >