Sasaram News : नोखा व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी. चुनावी मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. नामांकन शुरू होते ही व्यापार मंडल की राजनीति में सरगर्मी और बढ़ने की उम्मीद है.
निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार और शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किये जायेंगे.
19 और 21 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा
नामांकन पत्रों की संवीक्षा 19 और 21 सितंबर को की जायेगी. वहीं, 23 सितंबर को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गयी है. चुनाव प्रक्रिया को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
30 सितंबर को होगा मतदान, उसी दिन आयेगा परिणाम
निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर 30 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान कराया जायेगा. मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किया जायेगा.
884 मतदाता करेंगे अध्यक्ष पद के लिए मतदान
व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 884 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. नामांकन से पहले ही संभावित प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है. गांवों से लेकर बाजार तक बैठकों और व्यक्तिगत मुलाकातों का दौर जारी है.
अध्यक्ष की कुर्सी के लिए दावेदारों ने झोंकी ताकत
चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही अध्यक्ष पद के दावेदार अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. संभावित प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं. नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद चुनावी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है.
