Sasaram News: रोहतास जिले के सासाराम में वन विभाग एवं संत जोसेफ स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. शहर के चंदन शहीद पहाड़ी स्थित वन विभाग ईको पार्क परिसर में भव्य वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था.
अभिभावकों की रही भारी मौजूदगी
रोहतास के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया. स्कूल प्रबंधन एवं वन विभाग की ओर से पहले ही अभिभावकों से अपील की गई थी कि वे अपने बच्चों के साथ कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों. बच्चों ने ईको पार्क के प्राकृतिक वातावरण में अपने मित्रों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताया, जिससे उनके बौद्धिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा मिला.
पेंटिंग प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
रोहतास में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कक्षा 5 से कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण विषय पर एक विशेष पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई. इस प्रतियोगिता में बच्चों ने पेड़-पौधों, वन्य जीवों, स्वच्छ पर्यावरण तथा जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कला का शानदार प्रदर्शन किया.
बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था
रोहतास के इस समारोह में सभी छात्र-छात्राएं अपने स्कूल की निर्धारित ब्राउन-येलो यूनिफॉर्म में शामिल हुए. बच्चों के मनोरंजन के लिए ईको पार्क परिसर में झूलों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने जमकर आनंद उठाया. वन विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को खेल-खेल में पेड़ लगाने, जंगलों की सुरक्षा करने तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक महत्व की जानकारी दी.
Also Read: सासाराम: लालगंज नहर में डूबी महिला, मौके पर पहुंची पुलिस; पहचान और खोजबीन जारी
