नोखा में भीषण अगलगी, 200 बीघा तक गेहूं की फसल जलकर राख
SASARAM NEWS.नोखा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुई अलग-अलग अगलगी की घटनाओं में लाखों रुपये मूल्य की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गयी. शीतलपुर, डेरा व सोतवा गांव में भीषण आग लगने से करीब 150 से 200 बीघा क्षेत्र में फैली फसल नष्ट हो गयी.
नोखा में भीषण अगलगी, 200 बीघा तक गेहूं की फसल जलकर राख
नोखा.
नोखा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुई अलग-अलग अगलगी की घटनाओं में लाखों रुपये मूल्य की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गयी. शीतलपुर, डेरा व सोतवा गांव में भीषण आग लगने से करीब 150 से 200 बीघा क्षेत्र में फैली फसल नष्ट हो गयी. किसानों के अनुसार भूसा बनाने वाली रेपर मशीन से निकली चिंगारी के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. इस घटना में महमद्दिन अंसारी (26 बीघा), जिब्राइल अंसारी (2 बीघा 10 कट्ठा), शंकर राम (2 बीघा 10 कट्ठा), मुख्तार अंसारी (20 बीघा), सलामुद्दीन (20 बीघा) सहित दर्जनों किसानों की फसल जल गयी. शीतलपुर गांव के महेश तिवारी (5 बीघा), देववंश तिवारी (1 बीघा), अमरेंद्र तिवारी (10 एकड़), रामगुनी तिवारी (5 एकड़), अखिलेश तिवारी (4 एकड़) समेत कई किसानों को भारी नुकसान हुआ. कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, जिससे उनके समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.वहीं मौडिहा गांव में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर खेत में गिरने से आग लग गयी, जिसमें विजेंद्र सिंह, लक्ष्मण शाह, परमेश्वर शाह, अनिल शाह, बृज बिहारी सहित कई किसानों की फसल जलकर राख हो गयी. सूचना पर डायल 112 पुलिस व अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे. तेज हवा के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. बाद में अतिरिक्त दमकल की मदद से आग बुझायी गयी. प्रभारी अंचलाधिकारी उत्पल हिमवान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बताया कि किसानों के आवेदन के बाद जांच कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. प्रखंड कृषि पदाधिकारी इशिका साहू ने किसानों से गेहूं कटाई के दौरान सावधानी बरतने और रेपर मशीन के उपयोग से बचने की अपील की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.