Rohtas News : दिनारा और भानस थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने रविवार देर शाम शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपितों के पास से करीब 18 लीटर शराब बरामद की. कार्रवाई के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया.
जमीन के अंदर बॉक्स बनाकर छिपाई थी शराब
दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि करंज गांव में गुप्त सूचना के आधार पर शिवमुनी पंडित के घर छापेमारी की गयी. तलाशी के दौरान घर के अंदर जमीन में गड्ढा खोदकर बनाये गये बॉक्स से शराब बरामद हुई.
200 एमएल की 55 बोतल समेत कई ब्रांड की शराब जब्त
पुलिस ने मौके से 200 एमएल की ब्लू लाइम देशी मसालेदार शराब की 55 बोतल, 180 एमएल की एट पीएम की चार बोतल और 500 एमएल की किंगफिशर की तीन बोतल बरामद की. कार्रवाई के दौरान लल्लू कुमार और विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया.
पांच लोगों के खिलाफ दर्ज होगी प्राथमिकी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गयी है. पुलिस अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
भानस में चार लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार
वहीं, भानस थानाध्यक्ष विजय बैठा ने बताया कि तुर्की मुशहरी टोला में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लीटर महुआ शराब बरामद की. मौके से पूर्णमासी मुशहर की पुत्री सीता कुमारी को गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया.
