Kochas Electricity Wire Theft : रोहतास जिला के कोचस प्रखंड क्षेत्र के चितावं पंचायत स्थित कटियारा गांव के दक्षिण कटियारा-डोईयां पथ पर शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर करीब एक किलोमीटर की दूरी तक लगे 30 बिजली पोलों से तार काटकर फरार हो गए. घटना से बिजली विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
Rohtas News : ग्रामीणों की सूचना पर खुला चोरी का मामला
बिजली विभाग के कनीय अभियंता राहुल रंजन ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची. जांच में कटियारा गांव के दक्षिणी बधार स्थित कटियारा-डोईयां पथ के किनारे लगे 440 केवीए लाइन के 30 पोलों से बिजली तार गायब मिले. इसके बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ दिनारा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
पहले भी हो चुकी है ऐसी चोरी
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी इलाके में बिजली तार चोरी की घटना हो चुकी है. उस समय घटनास्थल से बरामद एक मोबाइल फोन के आधार पर दिनारा पुलिस ने चोरी के तार के साथ आधा दर्जन आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी. अब एक बार फिर हुई इस वारदात ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
