जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा तिलौथू

श्रीराम दरबार व महापुरुषों की झांकियां रही आकर्षण का केंद्र

रामनवमी़ सरैया हनुमान मंदिर से निकाली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा

भक्ति और देशभक्ति का अनूठा संगम, श्रीराम दरबार व महापुरुषों की झांकियां रही आकर्षण का केंद्र

जगह जगह रथ रोक कर श्रद्धालुओं ने किया सीता-राम का पूजन

भगवाधारी युवकों के हुजूम से भगवामय हुआ तिलौथू

फोटो-17 – हनुमान मंदिर पर पूजन के बाद हनुमान सेवा दल के कार्यकर्ता.

ए- हनुमान ,अंगद राम दरबार की झांकियां

बी- शोभायात्रा में शंकर भगवान की झांकियां प्रतिनिधि , तिलौथू मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के सरैया हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. श्रद्धा और उल्लास के इस महाकुंभ में हजारों की संख्या में पहुंचे भगवाधारी युवाओं के जयघोष से पूरा क्षेत्र राममय हो गया. कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुई, जिसके पश्चात शोभायात्रा का कारवां आगे बढ़ा. संयोजक हंसराज कुमार ने बताया कि शोभायात्रा जब सरैया दुर्गा मंदिर पहुंची, तो हनुमान सेवा दल के कार्यकर्ताओं द्वारा शस्त्र पूजन किया गया और प्रभु श्रीराम व माता सीता की आरती उतारी गयी. शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रथ पर सवार श्रीराम, जानकी और लक्ष्मण के स्वरूप थे, जिनकी एक झलक पाने के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा. यात्रा में शामिल शबरी, निषाद राज, जामवंत, जटायु, अंगद और वीर हनुमान की सजीव झांकियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इसके अतिरिक्त भारत के महान सपूतों की झांकियां भी प्रस्तुत की गयीं, जो भक्ति और देशभक्ति के अद्भुत संगम को दर्शा रही थीं.

नगर भ्रमण के दौरान भव्य

स्वागत

शोभायात्रा सरैया दुर्गा मंदिर से चलकर सोनार गली और बढ़ई मुहल्ला होते हुए पुराने स्टेट बैंक के समीप पहुंची. यहां विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत और शीतल जल की उत्तम व्यवस्था की गयी थी. सड़कों के दोनों किनारे खड़ी महिलाएं और बच्चे प्रभु की आरती उतारने और पूजन करने के लिए बेताब दिखे. यात्रा मार्ग में फल मंडी और किराना मंडी होते हुए जब यह कारवां बड़ी संगत गुरुद्वारा पहुंचा, तो श्रीमद्भागवत कथा समिति के सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया. जामा मस्जिद मार्ग से गुजरते हुए शोभायात्रा अपने पूरे शबाब पर थी.

शौर्य प्रदर्शन और सुरक्षा के कड़े प्रबंध

तिलौथू के जगदेव चौक पर युवाओं ने अखाड़ा जमाकर लाठी-डंडे के पारंपरिक करतब दिखाये, जिसे देख लोग रोमांचित हो उठे. पसीने से तरबतर होने के बावजूद युवाओं का उत्साह चरम पर था. शोभायात्रा अपने गंतव्य सरैया दुर्गा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां हनुमान सेवा दल द्वारा सभी श्रद्धालुओं के बीच खीर का प्रसाद वितरित किया गया. सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किये गये थे. महिला पुलिस बल के साथ-साथ जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. संवेदनशील मोड़ और चौक-चौराहों पर अधिकारी खुद पैनी नजर रखे हुए थे. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकिता जैन, सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश कुमार दास, तिलौथू थानाध्यक्ष शुभम कुमार, एसआइ दिवाकर कुमार और अमझोर थानाध्यक्ष अमित कुमार दल-बल के साथ मौजूद रहे. आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव संजय चौधरी सहित सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANURAG SHARAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >