पत्नी ने लगाया सुनियोजित साजिश का आरोप29 मार्च को चेनारी के डुमरी गांव में ट्रांसफाॅर्मर पर बिजली दौड़ने से हुई थी मौत
शटडाउन का भरोसा देकर पोल पर चढ़ाया, हाइटेंशन तार की चपेट में आने से गयी थी जान
बिजली विभाग ने गठित की जांच टीम, थानाध्यक्ष बोले- कांड दर्ज कर शुरू हुई कार्रवाई
फोटो-1- सदानंद तिवारी की मौत की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिवार.
प्रतिनिधि, चेनारी
प्रखंड की डिहरीया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-8 की सदस्य सुनीता देवी के पति सदानंद तिवारी की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. गत 29 मार्च की शाम हुई इस हृदयविदारक घटना को लेकर वार्ड सदस्य ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेइ) और मिस्त्री सहित चार लोगों के विरुद्ध चेनारी थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है.
षड़यंत्र के तहत हत्या का आरोप:
वार्ड सदस्य सुनीता देवी ने थाने में दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पति सदानंद तिवारी की मौत कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है. उन्होंने बिजली विभाग के जेइ राजकुमार, मिस्त्री मुलायम सिंह यादव, मिल संचालक नारायण साह और ललन साह को इस षड़यंत्र का मुख्य सूत्रधार बताया है. आवेदन के अनुसार, घटना के दिन शाम करीब छह बजे उनके पति पर ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज चेक करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. किशनपुरा निवासी मिस्त्री मुलायम सिंह यादव ने कथित तौर पर सदानंद तिवारी से कहा था कि वह अकेला है और डुमरी नहीं जा सकता, इसलिए वह सहायता के लिए नारायण साह और रोशन साह उर्फ भोला को भेज रहा है.
शटडाउन के भरोसे में दी जान
प्राथमिकी के अनुसार, सदानंद तिवारी पहले विभाग में मानव बल के रूप में कार्य कर चुके थे. मिस्त्री मुलायम सिंह ने उन्हें विश्वास दिलाया कि उसने जेइ राजकुमार से बात कर ली है और शटडाउन ले लिया गया है. इस भरोसे के बाद जब सदानंद तिवारी पोल पर चढ़कर ट्रांसफार्मर ठीक करने लगे, तभी अचानक लाइन चालू कर दी गयी. करंट की चपेट में आने से उनकी पोल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. पत्नी का आरोप है कि कुचक्र रचकर बिजली प्रवाहित की गयी ताकि उनके पति की जान ली जा सके.
जांच में जुटा प्रशासन और विभाग
विदित हो कि 29 मार्च को हुई इस घटना के बाद करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को पोल से उतारा जा सका था. उस वक्त बताया गया था कि हाइटेंशन तार में रिटर्निंग करंट आने से हादसा हुआ. इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि वार्ड सदस्य के आवेदन पर कांड संख्या-139/26 दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है. इधर, बिजली विभाग के सहायक अभियंता उज्जवल कुमार ने बताया कि विभाग ने भी घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है. जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.