ग्रामीण को धक्का मार भाग रहे पशु तस्कर को लोगों ने दबोचा, जमकर की पिटाई

थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर पवन सुत पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की देर शाम अवैध पशु तस्करी का मामला सामने आया

शिवसागर. थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर पवन सुत पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की देर शाम अवैध पशु तस्करी का मामला सामने आया. कुदरा की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन में पशुओं को लादकर तस्करी की जा रही थी. इसी दौरान ग्रामीण को धक्का मारकर भागने की कोशिश कर रहे एक तस्कर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. जबकि दूसरा तस्कर मौके से फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पशु लदा पिकअप काफी तेज रफ्तार में कुदरा की ओर से शिवसागर की तरफ आ रहा था. इसी क्रम में वाहन चालक ने सड़क किनारे मौजूद एक ग्रामीण को धक्का मार दिया और बिना रुके भागने की कोशिश की. घटना को देखकर आसपास के लोग सतर्क हो गये. ग्रामीणों को पशु तस्करी की आशंका हुई. इसके बाद उन्होंने वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया. कुछ दूरी पर पवन सुत पेट्रोल पंप के पास ग्रामीणों ने पिकअप को घेरने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख वाहन में सवार चालक और खलासी ने धारदार हथियार निकालकर ग्रामीणों को डराने और हमला करने की कोशिश की. इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने एक तस्कर को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसी बीच अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दूसरा तस्कर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. पशुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़ी कर दी गयी. सूचना मिलते ही शिवसागर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने घायल तस्कर को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करायी गयी हैं. इस संबंध में थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. घटनास्थल से एक जख्मी व्यक्ति को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है. उन्होंने कहा कि अवैध पशु तस्करी के पूरे मामले की जांच की जा रही है. पिकअप वाहन और पशुओं से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >