अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया ट्रक खाई में पलटा, चालक की मौत

बेटे की शादी के बाद गौने की चल रही थी तैयारी, हादसे ने छीना परिवार का सहारा

हादसा. सामने से आ रहे वाहन की हेडलाइट की चकाचौंध बनी काल

आरा-सासाराम मुख्य पथ पर संझौली थाना क्षेत्र के सीकटी गांव के पास हुआ हादसा

शिवसागर के गिरधारिया गांव के चालक की सड़क हादसे में में गयी जान

बेटे की शादी के बाद गौने की चल रही थी तैयारी, हादसे ने छीना परिवार का सहारा

फोटो-1- पेड़ से टकराया ट्रक

प्रतिनिधि, संझौली/शिवसागर

संझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-सासाराम मुख्य पथ (एसएच-12) पर सीकटी गांव के पास गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ. बिक्रमगंज से सासाराम की ओर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे विशाल पेड़ से टकराकर खायी में पलट गया. इस हृदयविदारक घटना में ट्रक चालक की मौत इलाज के दौरान हो गयी. मृत चालक की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधारिया गांव निवासी 68 वर्षीय वीरेंद्र तिवारी के रूप में की गयी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र तिवारी बुधवार की देर रात ट्रक से सामान उतारकर अपने छोटे पुत्र गोलू तिवारी के साथ वापस लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य वाहन की तेज रोशनी (हेडलाइट) के कारण उनकी आंखें चकाचौंध हो गयीं. इस कारण वाहन पर से उनका नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए खाई में जा गिरा. हादसे के वक्त ट्रक में सवार पुत्र गोलू तिवारी ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन वीरेंद्र तिवारी वाहन के भीतर ही फंस गये और गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी. थानाध्यक्ष पूनम कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थानीय सहयोग से चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया. उन्हें तत्काल सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

बेटे के गौने की खुशियां मातम में बदलीं

दिवंगत वीरेंद्र तिवारी अपने पीछे पत्नी नीलम देवी, तीन पुत्र—राकेश, मन्नू व गोलू व चार विवाहित पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. ग्रामीणों ने बताया कि वीरेंद्र तिवारी लंबे समय से चालक के रूप में कार्यरत थे और उन्होंने अपने सभी पुत्रों को स्वयं इसी पेशे में प्रशिक्षित किया था. परिवार की आर्थिक धुरी उन्हीं के कंधों पर टिकी थी. छोटे बेटे गोलू की हाल ही में शादी हुई थी और घर में उसके गौने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. वीरेंद्र तिवारी के असामयिक निधन से पूरे गिरधारिया गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANURAG SHARAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >