Sasaram News: डेहरी के बियाडा परिसर क्षेत्र में संचालित मिठाई और सॉस बनाने वाली फैक्ट्रियों में बुधवार को अनुमंडल प्रशासन की टीम ने औचक छापेमारी की. अनुमंडल दंडाधिकारी निलेश कुमार, निर्वाचन पदाधिकारी संतोष कुमार और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रौशन कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में पहुंची टीम ने तीन प्रमुख निर्माण प्रतिष्ठानों में गहन जांच-पड़ताल की. प्रशासनिक टीम के अचानक पहुंचते ही परिसर में संचालित खाद्य सामग्री निर्माण इकाइयों में हड़कंप मच गया.
मिठाइयों में मिले एक्सपायरी केमिकल
जांच दल ने कामधेनु स्वीट्स और नारायण स्वीट्स की मिठाई निर्माण इकाई में पहुंचकर वहां की साफ-सफाई, निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता और उपयोग में लाए जा रहे रसायनों की पड़ताल की. अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ खाद्य सामग्रियों में इस्तेमाल किए जा रहे केमिकल्स की एक्सपायरी डेट समाप्त पाई गई. टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और कच्चे माल के नमूने एकत्र किए, जिन्हें अग्रिम जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा.
सॉस फैक्ट्री में अनियमितता पर कार्रवाई
इसके अलावा टीम ने परिसर में स्थित चिली सॉस और टोमैटो सॉस बनाने वाली फैक्ट्री में भी छापेमारी की, जहां निर्माण और स्वच्छता मानकों की भारी अनदेखी सामने आई. अधिकारियों ने मौके पर मिली गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए संबंधित खाद्य सामग्रियों को तत्काल सील करने और खराब सामग्रियों को नष्ट करने का निर्देश दिया.
लैब रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
निर्वाचन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि शहर में मिलावटी व निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद एसडीएम के नेतृत्व में टीम गठित कर यह कार्रवाई की गई. जांच में सॉस फैक्ट्री और कामधेनु स्वीट्स में तय मानकों का खुला उल्लंघन मिला है. वहीं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रौशन कुमार सिंह ने कहा कि सभी संदिग्ध नमूने जांच के लिए पटना भेजे जा रहे हैं. लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए आगे भी यह जांच अभियान जारी रहेगा.
Also Read: रोहतास के कोचस में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम
