Bikramganj Mobile Theft Rohtas : रोहतास के बिक्रमगंज में शादी समारोह के दौरान हुई मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने 22 दिन बाद बड़ा खुलासा किया है. तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल बरामद हुआ तो पता चला कि उसे किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसी परिवार के एक रिश्तेदार ने चुराया था, जहां शादी का आयोजन हुआ था.
Rohtas News : शादी में शामिल होने पहुंचे थे, वहीं गायब हो गया मोबाइल
दुर्गाडीह गांव निवासी सुनील साह 24 जून की रात बिक्रमगंज स्थित जयराम होटल में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान उनका मोबाइल चोरी हो गया. अगले दिन 25 जून को उन्होंने बिक्रमगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर तकनीकी जांच शुरू की.
आईएमईआई ट्रैकिंग से खुली चोरी की परत
लगातार तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने गुरुवार को मोबाइल बरामद कर लिया. शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल उसके वास्तविक मालिक सुनील साह को सौंप दिया गया. मामले की जांच कर रहे एसआई दिवाकर गिरी ने बताया कि मोबाइल धरहरा गांव निवासी भीम कुमार, पिता अजय गुप्ता, थाना दरिहट, के पास से बरामद हुआ.
रिश्तेदार निकला चोर, पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पुलिस जांच में सामने आया कि भीम कुमार उसी परिवार का सदस्य है, जिसके शादी समारोह में सुनील साह शामिल होने आए थे. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मोबाइल कई दिनों तक बंद रखा गया था. सख्ती से पूछताछ करने पर भीम कुमार ने मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली.
पीड़ित ने किया माफ, चेतावनी देकर छोड़ा गया
पुलिस ने बताया कि मोबाइल बरामद होने के बाद पीड़ित सुनील साह ने आरोपी को माफ करने और छोड़ने का आग्रह किया. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए भीम कुमार को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया.
रिश्तों के भरोसे पर भी छोड़ गया सवाल
यह घटना सिर्फ मोबाइल चोरी का मामला नहीं रही, बल्कि रिश्तों में भरोसे पर भी सवाल खड़े कर गई. शादी जैसे पारिवारिक समारोह में रिश्तेदार द्वारा चोरी की घटना ने लोगों को यह संदेश दिया कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर हमेशा सतर्क रहना चाहिए.
