Sasaram Chausa Road Accident : रोहतास जिला के कोचस थाना क्षेत्र के सासाराम-चौसा मुख्य मार्ग पर प्रखंड कार्यालय के समीप शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार सफारी वाहन की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया. जबकि दूसरे घायल का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है.
Rohtas News : सड़क किनारे चाय पी रहे थे दोनों लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफारी वाहन सासाराम से कोचस की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी. इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के समीप सड़क किनारे चाय पी रहे दो लोगों को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव निवासी राम आशीष सिंह के पुत्र चंदन कुमार सिंह, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं डढ़ावं निवासी टुन्ना सिंह को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने वाहन किया जब्त, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त सफारी वाहन को जब्त कर लिया. पुलिस ने वाहन चालक की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के गोरी गांव निवासी अजीत राय के पुत्र अंकुर सिंह के रूप में की है. अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है.
