सोन नदी का जलस्तर बढ़ते ही खाली होने लगा डीला, सुरक्षित लौटे ग्रामीण; अधिकारियों ने घाटों का किया निरीक्षण

सोन नदी में जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण फंस गए हैं। प्रशासन ने घाटों का निरीक्षण किया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम जारी है। ताजा अपडेट यहाँ पढ़ें।

Rohtas News : रोहतास थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सोन नदी में पिछले 24 घंटे से जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. बाणसागर से पानी छोड़े जाने और क्षेत्रीय जलधाराओं में पानी बढ़ने के कारण सोन नदी का बहाव तेज हो गया है. जलस्तर बढ़ने के बाद नदी के बीच स्थित सोन डीला में रहने वाले ग्रामीणों के बीच भी चिंता बढ़ गयी है. सुरक्षा को देखते हुए कई स्थानों से ग्रामीण सोन डीला छोड़कर सुरक्षित इलाकों की ओर लौटने लगे हैं.

जरही घाट के सोन डीला से ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया

ढेलाबाद के जरही घाट के सामने स्थित सोन डीला में रह रहे लोगों को बढ़ते जलस्तर के बीच सुरक्षित वापस लाया गया. स्थानीय लोगों की मदद से ग्रामीणों को डीला से बाहर निकाला गया. बताया जा रहा है कि जरही घाट क्षेत्र में ललन सिंह यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने लोगों को सुरक्षित निकालने में सहयोग किया.

वहीं, जमुआ और नावाडीह की ओर स्थित सोन डीला में भी दर्जनों लोगों के फंसे होने की सूचना सामने आयी है. नदी का पानी लगातार बढ़ने के कारण इन इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित निकालने की मांग की है.

बीडीओ-सीओ ने कई घाटों का लिया जायजा

जलस्तर बढ़ने की सूचना के बाद प्रशासन भी सक्रिय हो गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋषिकेश कुमार ने अंचल अधिकारी ललिता कुमारी के साथ रसूलपुर घाट समेत सोन नदी के अन्य घाटों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और घाटों की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली.

प्रशासन की ओर से नदी के आसपास रहने वाले लोगों को बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों और सोन डीला की ओर जाने से बचने की अपील की है.

जलस्तर बढ़ने से बढ़ी ग्रामीणों की चिंता

बाणसागर से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी में जलस्तर बढ़ने का असर नदी के बीच और तटवर्ती इलाकों में दिखाई देने लगा है. ग्रामीणों का कहना है कि पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो सोन डीला में रहने वाले लोगों के सामने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की समस्या और गंभीर हो सकती है.

जरही घाट सहित आसपास के इलाकों में ग्रामीण लगातार नदी की स्थिति पर नजर रख रहे हैं. प्रशासन भी घाटों और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है. मौके पर रत्नेश ठाकुर, जगदीश शर्मा, राम जाग, रमेश, शाह राम सिंह, दशरथ पटेल, मनजीत शाह, अंकित पटेल, रमेश पटेल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.

ढेलाबाद में सोन डीला से आते ग्रामीण रसलपुर घाट का निरीक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >