रोहतास के डेहरी से पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पति अजय कुमार सिंह का आरोप है कि शादी के बाद उन्होंने पत्नी अर्चना कुमारी की पढ़ाई, कोचिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में पूरा सहयोग किया. अब मामला थाने से लेकर रोहतास एसपी कार्यालय तक पहुंच गया है. पति ने पत्नी के कथित तौर पर दूसरे युवक के साथ चले जाने की शिकायत की है.
26 जनवरी 2025 को हुई थी अजय और अर्चना की शादी
अजय सिंह के अनुसार, 26 जनवरी 2025 को दरिहट थाना क्षेत्र के आयरकोटा निवासी अर्चना कुमारी से उनकी शादी पारंपरिक रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद अर्चना ने सरकारी नौकरी की तैयारी करने की इच्छा जताई. पति के मुताबिक, उन्होंने उसका नामांकन डालमियानगर स्थित एक कोचिंग संस्थान में कराया और पढ़ाई का खर्च उठाने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अलग-अलग जगहों पर भी ले जाते रहे.
बिहार पुलिस में कांस्टेबल बनी अर्चना
पति के अनुसार, अर्चना इसी साल मार्च में बिहार पुलिस की परीक्षा में सफल हुई और उसका चयन कांस्टेबल के पद पर हुआ. इसके बाद उसे ट्रेनिंग के लिए दरभंगा भेजा गया. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उसकी पोस्टिंग बेगूसराय स्थित बीएसएपी में होने की बात बताई जा रही है. अजय का कहना है कि पत्नी की सफलता में उन्होंने हर संभव सहयोग किया था.
नौकरी लगने के बाद पति ने महसूस किया बदलाव
अजय सिंह का आरोप है कि बिहार पुलिस में नौकरी लगने के बाद धीरे-धीरे अर्चना के व्यवहार में बदलाव आने लगा. दोनों के बीच बातचीत कम होने लगी. पति के मुताबिक, जुलाई 2026 में अर्चना छुट्टी लेकर ससुराल आई थी. इसी दौरान उसके मोबाइल में विवेक कुमार नामक युवक के साथ व्हाट्सएप पर बातचीत देखने के बाद उन्हें संदेह हुआ.
अर्चना की मां शकुंतला देवी ने कहा - हमार लईकी के लेके गईल...विवेकवा...हम पुलिस से कहल चाहतानी की दूनो के पकड़ के प्रसाशन सजा देबे. थाना में ले जाके दो चार डांटा मारे..सबसे त करम के धरम के हमार नाश बा की हम अइसन करमहीन औरत रही की अइसन लईकी नालायक के जनम देनी...
चैट को लेकर हुआ विवाद, 3 जुलाई को घर छोड़ने का आरोप
पति के अनुसार, विवेक कुमार के साथ कथित चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. अजय सिंह का आरोप है कि इसके बाद 3 जुलाई 2026 को अर्चना घर छोड़कर चली गई. उन्होंने दावा किया है कि अर्चना कथित प्रेमी विवेक कुमार के साथ गई और घर से आभूषण व नकदी भी ले गई. आगे वीडियो में देखें...
पति ने थाने में दी शिकायत, एसपी से लगाई गुहार
अजय सिंह ने डालमियानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इसके साथ ही उन्होंने रोहतास एसपी से भी मिलकर न्याय की गुहार लगाई और पत्नी का पता लगाने की मांग की है. पति की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है.
अर्चना की मां ने भी एसपी से की मुलाकात
इस मामले में अर्चना की मां शकुंतला देवी ने भी रोहतास एसपी से मिलकर अपनी बेटी के संबंध में शिकायत की है. उन्होंने बेटी के इस कदम पर दुख जताया और मामले में कार्रवाई की मांग की है. इस पूरे घटनाक्रम से परिवार के लोग भी परेशान बताए जा रहे हैं.
मामले में प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पति के आरोपों पर अर्चना का पक्ष सामने नहीं आया
इस मामले में पति अजय सिंह और उनकी सास शकुंतला देवी की ओर से शिकायत और आरोप सामने आए हैं. वहीं, अर्चना कुमारी या विवेक कुमार की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई पक्ष सामने नहीं आया है. ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
