Sasaram Weather Update : राज्य में मौसम का रंग तेजी से बदलने लगा है. जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इस बदलाव से प्रदेशवासियों को जानलेवा हीट वेव (लू) से थोड़ी निजात मिली. आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू होने से मौसम पहले के मुकाबले काफी सुहाना और बेहतर हो गया है. बीते शुक्रवार को राज्य के 23 प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में आंशिक कमी रिकॉर्ड की गई. मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने शनिवार यानी आज रोहतास समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी क्या है. यह अलर्ट “Be prepared” श्रेणी में रखा गया है, यानी स्थिति गंभीर हो सकती है लेकिन सही सावधानी से नुकसान कम किया जा सकता है. इस चेतावनी में राज्य के रोहतास ,औरंगाबाद और गया जिले के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटे के भीतर मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है.
ऑरेंज अलर्ट के साथ मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार रोहतास ,औरंगाबाद और गया जिले के कई क्षेत्रों में मध्यम स्तर का गरज-चमक वाला तूफान आने की संभावना है. इस दौरान तेज बारिश, बिजली गिरने और आंधी जैसी स्थिति बन सकती है. हवा की गति भी तेज रहने की आशंका जताई गई है जो 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. विभाग ने साफ किया है कि यह स्थिति अचानक विकसित हो सकती है इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
अगले 2 से 3 घंटे बेहद अहम
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले दो से तीन घंटे मौसम के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहेंगे. इस दौरान बादल गरज सकते हैं, बिजली चमक सकती है और कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. खासकर खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खेतों में काम कर रहे किसान, सड़क पर यात्रा कर रहे लोग और खुले मैदानों में मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है.
ऑरेंज अलर्ट का मतलब
ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है. इसका मतलब है कि 24 घंटे के भीतर 60 मिलीमीटर से 200 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग की ओर से जारी किये जाने वाले हर अलर्ट का खास मतलब होता है. दरअसल, ये अलर्ट प्रशासन को सतर्क करने के लिए जारी किया जाता है, ताकि वे किसी भी विषम परिस्थिति से निबटने के लिए तैयार रहें.
Sasaram News : इन इलाकों में दिखेगा ज्यादा असर
मौसम विभाग ने जो मैप जारी किया है उसके अनुसार रोहतास के अकोढ़ी गोला, डेहरी, नासरीगंज, राजपुर, सासाराम, तिलौथू में इसके आसार बने हुए है. इसके अलावा औरंगाबाद जिले के कई हिस्सों में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा. वहीं गया जिले के कुछ इलाके भी इस मौसम प्रणाली की चपेट में आ सकते हैं. इन क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना अधिक बताई गई है. प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर घर के अंदर ही रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें.
हवा और बिजली को लेकर सतर्कता जरूरी
तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने और छोटे स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. बिजली चमकने के दौरान खुले में रहना खतरनाक हो सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मोबाइल टावर, पेड़ और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखें.
प्रशासन की अपील और आगे की स्थिति
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है. संभावित स्थिति को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है. जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव टीमों को सक्रिय किया जा सकता है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिस्टम फिलहाल सक्रिय है और अगले कुछ घंटों तक इसका असर बना रह सकता है.
बिहार के रोहतास, औरंगाबाद और गया जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. आने वाले कुछ घंटे बेहद अहम हैं और प्रशासन की नजर लगातार स्थिति पर बनी हुई है.
