Sasaram News (रंजन कुमार) : रोहतास जिला के नोखा प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नोखा में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य कर्मियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी डॉ.अजय प्रताप ने किया.प्रशिक्षण में अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार, साफ-सफाई, समय पर जांच व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई.
स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवा देना सरकार की प्राथमिकता
प्रभारी डॉ .अजय प्रताप ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवा देना सरकार की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने कार्यों के प्रति सजग व जिम्मेदार रहना होगा. उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार, समय पर दवा उपलब्ध कराना व अस्पताल परिसर की स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है. प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को मातृ व शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, आपातकालीन सेवाओं व संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई.
प्रशिक्षकों ने स्वास्थ्य कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने की दी सलाह
कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षकों ने स्वास्थ्य कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करने की सलाह दी. साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान करने पर जोर दिया गया. प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों, एएनएम, आशा व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया.इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने अनुभव भी साझा किए. प्रशिक्षण के अंत में प्रभारी डॉक्टर ने सभी कर्मियों से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से कर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ती है एवं इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलता है. कार्यक्रम के सफल आयोजन पर स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रसन्नता व्यक्त की.
Also Read : Buxar News : पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास कार्यों की समीक्षा, डीएम ने दिए अहम निर्देश
