Sasaram News : (संदेश जायसवाल) बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. मंगलवार की शाम प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा चेनारी नगर क्षेत्र में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया.
शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुए फ्लैग मार्च का नेतृत्व थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार, बीडीओ प्रियंका कुमारी एवं सीओ पूजा शर्मा ने संयुक्त रूप से किया. फ्लैग मार्च रात 8 बजे तक नगर के विभिन्न इलाकों में जारी रहा.
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
इस दौरान पुलिस बल के जवानों ने बाजार, मस्जिदों के आसपास, मुख्य चौक-चौराहों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. साथ ही आम लोगों से शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई.
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने पर होगी कार्रवाई
फ्लैग मार्च के दौरान बीडीओ प्रियंका कुमारी ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देने की अपील की.
संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती
वहीं अंचलाधिकारी पूजा शर्मा ने बताया कि बकरीद को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.
फ्लैग मार्च को देखकर आम लोगों में सुरक्षा का एहसास भी देखने को मिला। कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की.
