मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत संचालित एकलव्य राज आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र में एथलेटिक्स और बास्केटबॉल के बालक वर्ग के खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 16 अगस्त को आयोजित होगा. चयन ट्रायल सासाराम के फाजलगंज स्थित न्यू स्टेडियम में होगा. इच्छुक और योग्य खिलाड़ी सुबह 9 बजे चयन स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं.
12 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने बताया कि चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की सामान्य आयु सीमा 12 से 14 वर्ष निर्धारित की गयी है. वहीं, राज्य या राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने अथवा पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 16 वर्ष रखी गयी है.
एथलेटिक्स और बास्केटबॉल में होगा चयन
चयन ट्रायल एथलेटिक्स और बास्केटबॉल दोनों खेलों के बालक वर्ग के लिए आयोजित किया जायेगा. इसके माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन एकलव्य राज आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र के लिए किया जायेगा. खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल होने की सलाह दी गयी है.
ट्रायल के लिए आधार और जन्म प्रमाण-पत्र जरूरी
चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा. खिलाड़ियों को आधार कार्ड की प्रति, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा. राज्य या राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को संबंधित प्रमाण-पत्र या उपलब्ध प्रमाण भी प्रस्तुत करना होगा.
स्कूल से जुड़े दस्तावेज भी लाने होंगे
खिलाड़ियों को स्कूल से संबंधित प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र अथवा अन्य आवश्यक स्कूल दस्तावेज भी साथ लाने होंगे. खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को मूल दस्तावेजों के साथ उनकी प्रतियां भी लेकर चयन स्थल पर पहुंचना होगा. दस्तावेजों की जांच के बाद ही खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल किया जायेगा.
नौ शारीरिक शिक्षकों को मिली जिम्मेदारी
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि चयन ट्रायल के सफल आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षक मनोज कुमार, प्रेम प्रकाश कुमार, अरविंद कुमार सिंह, राकेश कुमार राय, शशि रंजन कुमार, उज्जवल कुमार सिंह, पवन कुमार, करन कुमार और विंध्याचल कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
ALSO READ : सासाराम : 800 बेटियां सीखेंगी आत्मरक्षा के गुर, 16 पीएम श्री स्कूलों में शुरू हुआ रानी लक्ष्मीबाई प्रशिक्षण
