प्रखंड कार्यालय के समीप बुधवार की देर शाम करीब 7:30 बजे युवक को गोली लगने की घटना के बाद पुलिस ने तीन नाबालिग युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस तीनों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. घटना के बाद पुलिस ने बुधवार रात से ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी थी.
तीन नाबालिगों से पुलिस कर रही पूछताछ
पुअनि सह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बुधवार की रात तीन युवकों को हिरासत में लिया था. तीनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली चलने की घटना में इनकी क्या भूमिका है और वारदात के पीछे वास्तविक कारण क्या है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
कैमूर के कुडाढी गांव के रहने वाले हैं तीनों युवक
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिये गये तीनों नाबालिग कैमूर जिले के करमचट (सबार) थाना क्षेत्र के कुडाढी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. बताया जाता है कि तीनों युवक चेनारी प्रखंड कार्यालय कैंपस के बगल में रहकर पढ़ाई करते थे. पुलिस अब इनके स्थानीय संपर्कों और घटना के समय उनकी गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
सीने में गोली लगने से घायल हुआ गोरख कुमार
बुधवार की शाम गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. वहां कैमूर जिले के करमचट (सबार) थाना क्षेत्र के कुडाढी गांव निवासी ददन बिंद के पुत्र गोरख कुमार सड़क पर घायल अवस्था में मिले. उनके सीने में गोली लगी थी. ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद सासाराम रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. इमरान ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया. घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर भी मामले की जानकारी जुटाई.
रातभर घटनास्थल पर पुलिस ने की छानबीन
घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने देर रात तक घटनास्थल और आसपास के इलाकों में छानबीन की तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया. पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
घायल के बयान से स्पष्ट होगा गोलीकांड का कारण
घटना के बाद गुरुवार की सुबह प्रखंड कार्यालय और आसपास की चाय दुकानों पर गोलीकांड को लेकर चर्चा होती रही. लोग युवक को गोली मारे जाने के कारण और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान को लेकर तरह-तरह के कयास लगाते रहे. पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
एसपी ने कहा, सभी बिंदुओं पर हो रही जांच
पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल तीन नाबालिगों से पूछताछ जारी है. पुलिस गोलीबारी के कारण, हथियार और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
