तेंदुनी चौक के समीप डुमरांव रोड में शाम के समय हुई सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गयी. मृतक की पहचान धारूपुर गांव निवासी राजनाथ सिंह, करीब 61 वर्ष के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
डुमरांव रोड में बाइक ने साइकिल में मारी जोरदार टक्कर
बताया जाता है कि राजनाथ सिंह साइकिल से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान डुमरांव रोड में एक बाइक सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि राजनाथ सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल राजनाथ सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हुई है. पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही है.
ALSO READ : सासाराम में तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे NCC कैडेट, हर घर तिरंगा अभियान में दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
