Rohtas News : रोहतास जिला के दावथ प्रखंड के जमसोना पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित विशेष सहयोग शिविर में जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया. शिविर का उद्घाटन डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी रोशन कुमार और मुखिया प्रियंका कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान की पहल की गयी.
जनता की समस्याओं के समाधान को पहुंचे अधिकारी
विशेष सहयोग शिविर के दौरान डीएम, एसपी, डीपीआरओ आशीष रंजन, वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप, नोडल सह डीटीओ राकेश कुमार सिंह सहित कई अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. अधिकारियों ने पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
105 आवेदनों में 64 का हुआ निष्पादन
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि शिविर से पहले प्राप्त आवेदनों को मिलाकर कुल 105 आवेदन आए थे. इनमें से 64 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समाधान भी 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा.
राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
डीएम ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए कहा कि अब राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू कर दी गयी है. पात्र लाभुक जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं. उन्होंने कृषि कार्य के लिए ट्रांसफार्मर लगाने और सोलर पैनल लगाने को लेकर भी आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया.
एसपी ने बच्चों को संस्कार देने की अपील की
एसपी रोशन कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि अभिभावक बच्चों को अच्छे संस्कार दें. उन्होंने नाबालिग बच्चों को बाइक नहीं चलाने देने की अपील की और वाहन चालकों से हेलमेट पहनने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है.
साइबर ठगी से बचने को किया जागरूक
एसपी ने साइबर अपराध को लेकर भी लोगों को जागरूक किया. उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता नंबर, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें. साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें.
17 विभागों ने लगाया सेवा काउंटर
विशेष सहयोग शिविर में कुल 17 विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे. इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपूर्ति विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार, मनरेगा, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, जीविका, पंचायती राज सहित अन्य विभाग शामिल थे. स्वास्थ्य विभाग के काउंटर पर ग्रामीणों की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली.
अन्य पंचायतों में भी लगा सहयोग शिविर
दावथ प्रखंड के डेढ़गांव और बभनौल पंचायत में भी विशेष सहयोग शिविर आयोजित किया गया. वहीं सूर्यपुरा प्रखंड कार्यालय में बलिहार पंचायत का सहयोग शिविर लगाया गया, जहां दर्जनों आवेदनों का निष्पादन किया गया.
