Rohtas News: (दिनारा से उमेश कुमार) जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित बलदेव हाई स्कूल के समीप सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया. नेशनल हाईवे के दक्षिण स्थित एक घर की छत पर गेहूं डालने गई महिला 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई.
कैसे हुई घटना
घायल महिला की पहचान दिनारा निवासी मो. बेचन इद्रसी की पत्नी तमन्ना खातून के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए दिनारा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है. घटना के बाद अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
परिजनों का बिजली विभाग पर गंभीर आरोप
परिजनों का कहना है कि हाईटेंशन तार मकान की छत के बेहद करीब से गुजर रहा है. इसे हटाने के लिए विभाग को दो बार लिखित आवेदन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. आरोप है कि विभाग के कुछ कर्मचारियों द्वारा तार हटाने के एवज में मोटी रकम की मांग की जा रही थी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है.
