सासाराम : लूट की झूठी कहानी बनाकर युवक ने पुलिस को किया गुमराह, जांच में सड़क दुर्घटना का खुलासा

Rohtas News : रोहतास के शिवसागर में बाइक लूट की झूठी कहानी रचने वाले युवक का पर्दाफाश हुआ. पुलिस जांच में मामला सड़क दुर्घटना का निकला, युवक ने डर के कारण पुलिस को गुमराह किया था.

Rohtas News : रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में बाइक लूट की सूचना से मंगलवार की शाम पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. छानबीन आगे बढ़ने पर मामला सड़क दुर्घटना का निकला. पुलिस की सख्ती से पूछताछ के बाद युवक ने स्वीकार किया कि उसने लूट की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था. जानकारी के अनुसार, इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के बस्तीपुर गांव निवासी मदन पासवान का पुत्र विकास कुमार मंगलवार की शाम अपने पड़ोसी की बाइक से रिश्तेदारी में जाने के लिए निकला था. शिवसागर थाना क्षेत्र के घोरघट के समीप एनएच-19 पर उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

युवक के बयान पर हुआ संदेह

दुर्घटना के बाद वह वहां से चला गया और शिवसागर थाना पहुंचकर आवेदन दिया कि सोनडीहरा गांव जाने वाले मार्ग में परमार्थ बीएड कॉलेज के पास अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर बाइक लूट ली. लूट की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे मामले की गहन पड़ताल शुरू की. जांच के दौरान युवक के पास मोबाइल, नकदी और अन्य सामान सुरक्षित मिलने पर पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ. यदि लूट की घटना हुई होती, तो बदमाश मोबाइल और रुपये भी ले जाते.

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक की बरामद

इसी आधार पर पुलिस ने युवक से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि दुर्घटना के बाद घबराकर उसने झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी. इसके बाद पुलिस ने घोरघट गांव के समीप एनएच-19 के किनारे से दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी बरामद कर ली. इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

Also Read : सासाराम : दिनारा में CCTV लगाने की योजना अधर में, दो महीने बाद भी नहीं लगे कैमरे



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >