Road Accident In Rohtas (शिवसागर से सुजीत कुमार की रिपोर्ट)
रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के अउआ ओवरब्रिज के समीप एनएच-19 पर शुक्रवार को तीन टैंकलोरियों की भीषण टक्कर में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र निवासी मौसम यादव के रूप में हुई है. हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही और वाहनों की लंबी कतार लग गई.
जानकारी के अनुसार तीनों टैंकलोरियां वाराणसी की ओर से सासाराम की दिशा में जा रही थीं. इसी दौरान अउआ ओवरब्रिज के पास आगे चल रही एक टैंकलोरी ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी टैंकलोरी उससे टकरा गई। वहीं उसके पीछे चल रही तीसरी टैंकलोरी भी समय रहते वाहन नहीं रोक सकी और आगे वाले वाहन से जा भिड़ी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे की दोनों टैंकलोरियों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक उनमें बुरी तरह फंस गए. दुर्घटना के बाद आगे चल रही टैंकलोरी का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
गैस कटर से चला रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, शिवसागर थाना पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। एक चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, जबकि दूसरे चालक को निकालने के लिए गैस कटर से केबिन काटना पड़ा. करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेजा गया.
इलाज के दौरान चालक ने तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के दौरान मौसम यादव की मौत हो गई. वहीं दूसरे घायल चालक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-19 पर तेज रफ्तार और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी नहीं रखने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. कुछ दिन पूर्व घोरघट के समीप भी इसी तरह की दुर्घटना हुई थी, जिसमें कई वाहन आपस में टकरा गए थे. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है.
इस संबंध में शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: सासाराम में कांग्रेस का हल्ला बोल, महंगाई-बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
