एनटीपीसी परीक्षा में सफलता पर रवि कुमार सम्मानित

ऑल इंडिया रैंक 434 हासिल कर बढ़ाया नोखा का मान

ऑल इंडिया रैंक 434 हासिल कर बढ़ाया नोखा का मान नगर परिषद कार्यालय में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित प्रतिनिधि, नोखा. प्रखंड मुख्यालय स्थित नगर परिषद कार्यालय के सभा कक्ष में बुधवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इसमें पूरे भारत में आयोजित एनटीपीसी लिमिटेड की प्रतियोगी परीक्षा में 434वां रैंक प्राप्त कर नोखा नगर व क्षेत्र का नाम रौशन करने वाले छात्र रवि कुमार को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद के सभापति राधेश्याम सिंह, उपसभापति धनजी सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी डॉ सुजीत कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी नेहा कुमारी, वार्ड पार्षद सुनीता गुप्ता, सुदामा कुमार तथा ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया. समारोह में रवि कुमार को फूल-माला, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि यह पूरे नगर के लिए गर्व की बात है कि स्थानीय छात्र ने एनटीपीसी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में बेहतर रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास आवश्यक है. उन्होंने कहा कि रवि कुमार ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि स्पष्ट लक्ष्य और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है. यह उपलब्धि केवल छात्र या उसके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे नगर के लिए गौरव का विषय है. सम्मानित छात्र रवि कुमार ने कहा कि इस सफलता के पीछे माता-पिता, गुरुजनों और परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि निरंतर अध्ययन, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है. उन्होंने युवाओं से कठिनाइयों से घबराने के बजाय लगातार प्रयास करते रहने की अपील की. इस कार्यक्रम में शिक्षक अनिल कुमार ने कहा कि रवि की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. इससे क्षेत्र के युवाओं में शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. अन्य वक्ताओं ने भी छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. शुरू से मेधावी रहे हैं रवि स्टेशन रोड निवासी प्रभावती देवी एवं अनुज प्रसाद गुप्ता के पुत्र रवि कुमार शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं. उन्होंने मैट्रिक और इंटर प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण किया. वर्ष 2019 में हरिद्वार से बीटेक तथा वर्ष 2024 में आइआइटी गुवाहाटी से एमटेक की पढ़ाई पूरी की. उनकी सफलता से परिजनों और नगरवासियों में खुशी का माहौल है. समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया. मौके पर प्रो. अशोक कुमार, मुरलीधर प्रसाद, अजित कुमार, संतोष कुमार, कन्हैया प्रसाद, गोपाल प्रसाद, जय गोविंद कुमार, रंजीत विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक व युवा मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANURAG SHARAN

ANURAG SHARAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >