7.5 लाख रुपये से बना सार्वजनिक शौचालय तीन साल से बंद, बलथरी के लोगों में नाराजगी

Sasaram News : कोचस प्रखंड में करोड़ों की लागत से बना सार्वजनिक शौचालय उद्घाटन की राह देख रहा है. निर्माण के तीन साल बाद भी संचालन शुरू न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. महिलाओं और यात्रियों को हो रही है असुविधा.

Sasaram News : रोहतास जिले के कोचस प्रखंड की बलथरी पंचायत स्थित बलथरी स्टैंड के समीप सासाराम-चौसा मुख्य मार्ग किनारे लाखों रुपये की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय उद्घाटन और संचालन की प्रतीक्षा में शोभा की वस्तु बनकर रह गया है. निर्माण कार्य पूरा होने के करीब तीन वर्ष बाद भी शौचालय शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

15वीं वित्त आयोग की राशि से हुआ था निर्माण

जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में कोचस पश्चिमी क्षेत्र के जिला पार्षद विनय पाल की अनुशंसा पर 15वीं वित्त आयोग की मद से लगभग 7.5 लाख रुपये की लागत से इस सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया था. हालांकि विभागीय उदासीनता और तकनीकी कारणों के चलते अब तक इसे आम लोगों के उपयोग के लिए शुरू नहीं किया जा सका है.

महिलाओं और यात्रियों को हो रही परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक शौचालय बंद रहने से सबसे अधिक परेशानी बाजार आने-जाने वाली महिलाओं, छात्राओं और यात्रियों को उठानी पड़ रही है. मजबूरी में लोगों को खुले स्थानों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे असुविधा के साथ-साथ स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं.

ग्रामीणों ने डीएम से की हस्तक्षेप की मांग

विभागीय लापरवाही से नाराज लोगों ने रोहतास के जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर सार्वजनिक शौचालय को जल्द चालू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि जनसुविधा के लिए बनी इस योजना का लाभ लोगों को समय पर मिलना चाहिए.

क्या कहते हैं स्थानीय लोग

संतोष कुमार, दुकानदार ने कहा कि मंदिर के समीप सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कर धर्म और आस्था से जुड़े स्थान के पास गंदगी की आशंका पैदा कर दी गई है. पूरे मामले की जांच कर प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए. अदिति कुमारी, छात्रा ने बताया कि कोचिंग आने-जाने के दौरान सार्वजनिक शौचालय बंद रहने से छात्राओं को काफी परेशानी होती है. प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र पहल करनी चाहिए. सुरेंद्र पांडेय, बस कंडक्टर ने कहा कि यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री की तबीयत खराब हो जाए तो शौचालय बंद रहने के कारण काफी परेशानी होती है. लोगों को मजबूरी में सड़क किनारे जाना पड़ता है. सुरेश सिंह, ग्रामीण का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने पर भी शौचालय चालू नहीं किया गया है. जिला प्रशासन को इस मामले का संज्ञान लेकर जल्द समाधान करना चाहिए.

एक पखवारे में पंचायत को सौंपने का दावा

कोचस पश्चिमी के जिला पार्षद विनय पाल ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. हालांकि कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण इसे अब तक ग्राम पंचायत को हस्तांतरित नहीं किया जा सका. उन्होंने दावा किया कि अगले एक पखवारे के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर शौचालय ग्राम पंचायत को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद इसे आम लोगों के उपयोग के लिए शुरू कर दिया जाएगा.

Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ramesh Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >