रोहतास में निजी स्कूलों की बैठक में RTE के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

सासाराम में निजी स्कूलों की बैठक में आरटीई के तहत नि:शुल्क शिक्षा और पारदर्शी जांच प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

Rohtas News : बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन, रोहतास की बैठक बुधवार को स्कॉटिश सेंट्रल स्कूल, लालगंज करम डिहरी में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने की, जबकि संचालन विद्यालय के निदेशक सह एसोसिएशन के संरक्षक सुनील सिंह ने किया. बैठक में निजी विद्यालयों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.

आरटीई के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर

बैठक में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों को नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया. एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आरटीई के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और सभी संबद्ध विद्यालयों से इसे गंभीरता से लागू करने की अपील की.

टीसी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का निर्णय

बैठक में छात्र-छात्राओं के स्थानांतरण को सरल और विवादमुक्त बनाने के उद्देश्य से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) जारी करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने का निर्णय लिया गया. साथ ही निजी विद्यालयों की जांच प्रक्रिया को भी निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमसम्मत बनाए जाने की मांग की गई.

शिक्षा की गुणवत्ता और नैतिक मूल्यों पर भी चर्चा

जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. इसलिए उनकी जांच प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों. बैठक में वक्ताओं ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुशासन, नैतिक मूल्यों और संस्कारयुक्त शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया. साथ ही संबद्ध विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और समय-समय पर आंतरिक समीक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी.

जिले के कई निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक के अंत में जिला सचिव सुनील कुमार चौधरी ने सभी प्राचार्यों, निदेशकों, संरक्षकों और शिक्षाविदों के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर संत जोसेफ स्कूल, राजेंद्र विद्यालय, स्कॉटिश सेंट्रल स्कूल सहित जिले के कई प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >